जयपुर। नेपाल टूरिज्म ने भारत के साथ पर्यटन संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए राजधानी दिल्ली में “नेपाल डेस्टिनेशन वेडिंग और ओटीए कनेक्ट” नामक बी2बी नेटवर्किंग कार्यक्रम आयोजित किया। होटल एसोसिएशन नेपाल द्वारा नेपाल टूरिज्म बोर्ड और नई दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में डेस्टिनेशन वेडिंग और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में साझेदारी के नए अवसरों पर चर्चा हुई।
इस कार्यक्रम में 90 से अधिक इंडस्ट्री विशेषज्ञों ने भाग लिया, जिनमें नेपाल से आए 21 प्रतिनिधि, भारत के करीब 45 वेडिंग प्लानर्स और ऑनलाइन ट्रैवल एजेंट शामिल रहे। इस दौरान नेपाल के प्रमुख होटल और हॉस्पिटैलिटी ब्रांड्स ने अपनी सेवाओं और सुविधाओं का प्रदर्शन कर भारतीय साझेदारों से सीधे संवाद स्थापित किया।
मुख्य अतिथियों में होटल एसोसिएशन नेपाल के अध्यक्ष बिनायक शाह, नेपाल दूतावास के मंत्री (डीसीएम) डॉ. सुरेंद्र थापा और नेपाल टूरिज्म बोर्ड के निदेशक लक्ष्मण गौतम शामिल रहे। वहीं इंडियन वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष नीरज धवन की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और मजबूती दी।
कार्यक्रम में नेपाल की खूबसूरत वेडिंग डेस्टिनेशन्स और लग्ज़री हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं को प्रस्तुत करते हुए डेस्टिनेशन वेडिंग की बढ़ती संभावनाओं पर जोर दिया गया। नेटवर्किंग सत्र के जरिए नेपाल के होटल संचालकों और भारतीय वेडिंग प्लानर्स के बीच साझेदारी के नए रास्ते खुले।
इस पहल के माध्यम से नेपाल को वेडिंग और एक्सपीरियंस-आधारित पर्यटन के एक उभरते हुए गंतव्य के रूप में स्थापित करने के साथ भारत-नेपाल के बीच पर्यटन सहयोग को नई गति मिली।



















