जयपुर। जयपुर ग्रामीण की चन्दवाजी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। यह आरोपी राजस्थान और हरियाणा में आर्म्स एक्ट के कई मामलों में वांछित था।
पुलिस अधीक्षक (जयपुर ग्रामीण) हनुमान प्रसाद ने बताया कि गत दिनों पहले चन्दवाजी थाना पुलिस ने टीएसी पुलिया चन्दवाजी के नीचे से साहिल नामक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 4 देशी कट्टे, 4 स्वचालित पिस्टल, 5 मैग्जीन और 16 जिंदा कारतूस बरामद किए थे। पूछताछ में साहिल ने इन हथियारों का मुख्य सप्लायर अनिल उर्फ पहलवान को बताया।
साहिल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर राजस्थान जायका ढाबा, चन्दवाजी के पास दबिश दी। वहां से मुख्य आरोपी अनिल उर्फ पहलवान निवासी हिंगोटा जिला भरतपुर को गिरफ्तार किया। साथ ही उसके पास मौजूद लाल रंग के बैग से 2 पिस्टल, 5 मैग्जीन, 3 देशी कट्टे और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गिरोह का सरगना है जो सोशल मीडिया पर छोटे-छोटे फंटर्स का ग्रुप बनाकर हथियारों की डिमांड लेता था। वे नगद भुगतान लेकर अनजान व्यक्तियों के जरिए हथियारों की डिलीवरी करवाते थे। आरोपी अनिल राजस्थान के गोविन्दगढ़ (जयपुर ग्रामीण) और हरियाणा के नारनौल (सीआईए) में भी वांछित है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी चन्दवाजी नितिन चौधरी (आईपीएस प्रोबेशनर) के नेतृत्व में गठित टीम ने अहम भूमिका निभाई। इस टीम में उप निरीक्षक देवेन्द्र चावला तथा कांस्टेबल रोहिताश और सुभाष चन्द शामिल थे। विशेष रूप से कांस्टेबल रोहिताश बराला की भूमिका सराहनीय रह।



















