मजदूरी पर जा रहे परिवार को बस ने मारी टक्कर: हादसे में एक साल की बच्ची की मौत

0
105

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के चंदवाजी थाना इलाके में मंगलवार सुबह हॉस्पिटल स्टाफ को लेकर जा रही तेज रफ्तार निजी बस ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें एक वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि माता-पिता सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

अचरोल पुलिस चौकी के सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि चंदवाजी निवासी शेर सिंह अपने परिवार के साथ मजदूरी करने के लिए मोटरसाइकिल से कूकस जा रहा था। रोज की तरह परिवार काम की तलाश में निकला था, लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार बस काल बनकर सामने आ गई। वहीं हॉस्पिटल स्टाफ को लेकर जा रही निजी बस तेज गति में थी। इसी दौरान गलत दिशा में कट लेते समय बस ने बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बस के नीचे जा घुसी और परिवार सड़क पर दूर तक जा गिरा। इस हादसे में दस महीने की मासूम सकीना पुत्री शेर सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि बच्ची का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और कुछ समय के लिए पूरा इलाका स्तब्ध रह गया।

घटना की सूचना मिलते ही अचरोल पुलिस चौकी से पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में संतरा देवी पत्नी शेर सिंह (30), सपना पुत्री शेर सिंह (8), शेर सिंह पुत्र मांगीलाल तथा इंदिरा देवी पत्नी कैलाश चंद (50) घायल हो गए, जिन्हें बीएसटी हॉस्पिटल अचरोल भेजा गया। बताया जा रहा है कि परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और मजदूरी कर जीवन यापन करता है।

सुबह रोजगार की उम्मीद लेकर निकला परिवार कुछ ही क्षणों में मातम में डूब गया। मासूम की मौत के बाद गांव चीताणु और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here