जयपुर। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने व्हाट्सएप आधारित ‘टेल 14सी’ चैटबॉट प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा भी इस नई पहल को आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चला रही है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम राजस्थान वीके सिंह ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म विशेष रूप से उन मामलों के लिए तैयार किया गया है, जिनमें साइबर ठगी का प्रयास तो हुआ हो, लेकिन व्यक्ति आर्थिक नुकसान से बच गया हो। ऐसे मामलों में लोग अब व्हाट्सएप नंबर 9319301930 पर संदिग्ध कॉलर नंबर, फर्जी लिंक, स्क्रीनशॉट, सोशल मीडिया अकाउंट, चैट या अन्य उपलब्ध जानकारी साझा कर सकेंगे। इससे समय रहते तकनीकी और कानूनी कार्रवाई कर साइबर अपराधियों के नेटवर्क तक पहुंच बनाना संभव हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि “टेल 14सी चैटबॉट” एक संदिग्ध साइबर गतिविधि रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म है, जहां केवल साइबर अपराध के प्रयासों की जानकारी दी जा सकती है। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो चुका है या उसे आर्थिक नुकसान हुआ है, तो उसे राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करनी होगी।
एडीजी वीके सिंह ने बताया कि उपयोगकर्ता व्हाट्सएप में 9319301930 नंबर पर चैट शुरू कर अपनी पसंदीदा भाषा का चयन कर सकते हैं। इसके बाद रिपोर्टिंग विकल्प में नाम, पिनकोड, राज्य, जीपीएस लोकेशन और घटना की तारीख जैसी जानकारी भरनी होगी।
संदिग्ध वेबसाइट, ईमेल, यूआरएल, यूपीआई आईडी या अन्य साइबर माध्यम से जुड़ी जानकारी भी अपलोड की जा सकेगी। साथ ही घटना से संबंधित फोटो और स्क्रीनशॉट भी साझा किए जा सकते हैं। सभी विवरण भरने के बाद सारांश पेज पर जानकारी की जांच कर सबमिट करने पर शिकायत 14सी पोर्टल पर दर्ज हो जाएगी।
वीके सिंह ने कहा कि कई बार लोग साइबर ठगी से बच तो जाते हैं, लेकिन इसकी सूचना पुलिस या साइबर एजेंसियों को नहीं देते। जबकि ऐसी जानकारी साझा करने से अपराधियों के नेटवर्क तक पहुंचने और अन्य लोगों को ठगी से बचाने में मदद मिलती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तुरंत साझा करें।
यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार हो जाता है, तो वह राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कर सकता है। इसके अलावा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा साइबर हेल्पडेस्क नंबर 9256001930 और 9257510100 पर भी संपर्क किया जा सकता है।


















