फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग: जेसीबी से दीवार तोड़कर अंदर घुसे फायरकर्मी

0
50

जयपुर। शिवदासपुरा थाना इलाके में शनिवार सुबह एक फर्नीचर फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि दमकल विभाग को फैक्ट्री के बाहरी हिस्से की दीवार तोड़ने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। करीब 10 दमकल गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

सीतापुरा फायर स्टेशन की फायर ऑफिसर ऊषा शर्मा ने बताया कि जगतपुरा के रामचंद्रपुरा विधानी स्थित ‘रामचंद्र मोतीलाल’ नाम की फर्नीचर फैक्ट्री में शनिवार सुबह करीब सवा दस बजे जैसे ही फैक्ट्री खुली, उसके कुछ ही देर बाद अचानक चिंगारियां उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि आग भड़कते ही अंदर मौजूद सभी कर्मचारी और श्रमिक तुरंत बाहर भाग निकले, जिससे एक बड़ा जनहानि का हादसा टल गया।

फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में सूखी लकड़ी और तैयार फर्नीचर होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। सूचना मिलते ही सीतापुरा फायर स्टेशन से दमकलों को रवाना किया गया। आग बुझाने के रास्ते में आ रही रुकावट को दूर करने के लिए मौके पर जेसीबी बुलाई गई और फैक्ट्री की बाहरी दीवार को ढहाया गया। इसके बाद फायरकर्मियों ने अंदर प्रवेश किया।

आग की भयावहता को देखते हुए एक के बाद एक करीब 10 दमकल गाड़ियों को मोर्चे पर लगाया गया। कई गाड़ियों ने पानी रिफिल कराकर एक से दो फेरे लगाए। करीब 2 घंटे की भारी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here