नशीला पेय पिलाकर बनाया अश्लील वीडियो: फिर शादी का झांसा देकर तीन साल तक करता रहा शोषण

0
28

जयपुर। राजधानी में एक युवती को प्रेमजाल में फंसाकर उसका यौन और मानसिक शोषण करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पहले युवती को नशीला पेय पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर तीन वर्षों तक उसका देहशोषण करता रहा।

पुलिस के अनुसार नवंबर 2023 में पीड़िता की मुलाकात आरोपी युवक से हुई थी। आरोपी ने दोस्ती बढ़ाकर युवती का विश्वास जीता और धीरे-धीरे उसके करीब आ गया। कुछ समय बाद आरोपी ने अपने जन्मदिन की पार्टी के बहाने युवती को शहर के एक होटल में बुलाया। वहां उसने धोखे से युवती को नशीला पेय पिलाया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बना लिया।

होश में आने पर पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया और इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी। बदनामी और लोकलाज के डर से युवती लंबे समय तक चुप रही। इस दौरान आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल कर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता रहा। पीड़िता ने जब मानसिक तनाव और प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या की बात कही, तो आरोपी ने उससे शादी करने का झूठा वादा किया। आरोपी लगातार युवती को भरोसा दिलाता रहा कि वह उससे विवाह करेगा।

बाद में जब पीड़िता ने शादी की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने का दबाव बनाया, तो आरोपी अचानक घर छोड़कर फरार हो गया। संदेह होने पर पीड़िता ने आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई, तब पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और लंबे समय से उसे धोखे में रख रहा था।

इसके बाद पीड़िता ने पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया। एफआईआर के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने और पहचान बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।

शनिवार को स्थानीय पुलिस को आरोपी के एक गुप्त ठिकाने पर छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here