जयपुर। श्याम नगर थाना इलाके में घर लौट रही एक स्कूटी सवार युवती का पीछा कर छेड़छाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। हालांकि मुस्तैद पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने इसके लिए करीब 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि वारदात जयपुर की रहने वाली एक 21 वर्षीय युवती ने मामला दर्ज कराया है कि 13 मई की रात वह अपने दोस्तों के साथ मंदिर में दर्शन करने के लिए गई थी। दर्शन करने के बाद देर रात करीब 3 बजे वह स्वेज फार्म एरिया में खड़ी अपनी स्कूटी लेकर अकेले ही घर के लिए रवाना हुई थी।
तभी रास्ते में एक स्कूटी सवार बदमाश उसके पीछे लग गया। बदमाश ने काफी दूर तक युवती का पीछा किया और श्याम नगर इलाके में एक सुनसान जगह देखकर युवती को अकेला पाकर उसे जबरन पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ की। युवती ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। युवती की आवाज सुनकर बदमाश घबरा गया और अपनी स्कूटी से यू-टर्न लेकर मौके से फरार हो गया।
वारदात के बाद सहमी पीड़िता ने रास्ते में नाकाबंदी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपनी आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्याम नगर थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम में शामिल कॉन्स्टेबल पवन कुमार ने वारदात के रूट और आस-पास के क्षेत्रों के 50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
फुटेज के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान सुनील कुमार (39) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी और श्याम पथ, श्याम नगर निवासी सुनील कुमार को धर-दबोचा। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।



















