जयपुर। जयपुर सिल्वर एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित प्रथम दो दिवसीय जेएसए क्रिकेट कॉर्निवल का समापन निर्माण नगर स्थित कौड़ीई क्रिकेट बॉक्स में उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता का खिताब रचना सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन के साथ अपने नाम किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्ज्वल डेरेवाला और सचिव राहुल जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया। लीग मुकाबलों और रोमांचक सेमीफाइनल मैचों के बाद खेले गए फाइनल में रचना सुपर किंग्स ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
पुरस्कार समारोह में विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 51 हजार रुपए का चेक एवं उपविजेता टीम को 31 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया। साथ ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
समारोह में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत, भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल, विधायक कालीचरण सराफ, वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट सुभाष बाफना तथा आईएसजेएस जयपुर सिल्वर शो के डायरेक्टर मनीष सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में मुख्य संयोजक शुभम अग्रवाल और वेदांत मंगोड़ीवाला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान सभी टीम ओनर्स और स्पॉन्सर्स का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
खिलाड़ियों की फिटनेस और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयोजन के दौरान विशेष सेमिनार भी आयोजित किया गया। इसमें डॉ. ललित मोदी, डॉ. अरुण परतानी, डॉ. डी.एस. मीणा और डॉ. सुनील बेनीवाल ने खिलाड़ियों को फिटनेस, इंजरी मैनेजमेंट और बेहतर खेल तकनीकों से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।



















