अवैध गैस रिफिलिंग सेंटर पर रेड: 43 गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रॉनिक मोटर और कांटे जब्त

0
64
Illegal gas refilling business busted.
Illegal gas refilling business busted.

जयपुर। घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की अवैध रिफलिंग, भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त अभियान के दौरान 43 घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर, दो इलेक्ट्रॉनिक कांटे, एक इलेक्ट्रॉनिक मोटर और तीन बांसुरी जब्त की गईं। मामले में पांच लोगों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज की जा रही है।

कार्रवाई जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण द्वारा गठित विशेष प्रवर्तन दल ने पुलिस के साथ संयुक्त रूप से की। विशेष प्रवर्तन दल ने भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र की जेपी कॉलोनी, शास्त्री नगर में छापेमारी कर अवैध गैस रिफलिंग की पुष्टि होने पर पांच घरेलू गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और एक इलेक्ट्रॉनिक मोटर जब्त की।

वहीं शिवदासपुरा थाना क्षेत्र स्थित सीताराम जी की ढाणी, जगतपुरा में कार्रवाई के दौरान 25 घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर तथा एक बांसुरी बरामद की गई। इसी प्रकार शिप्रापथ थाना क्षेत्र के पृथ्वीराज नगर, महारानी फार्म स्थित जैनिल बैकर्स पर कार्रवाई कर पांच घरेलू गैस सिलेंडर और एक बांसुरी जब्त की गई। मुहाना मंडी गेट नंबर-2 क्षेत्र में चार घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए।

गलता गेट थाना क्षेत्र में मीणा पेट्रोल पंप के पीछे सुंदर नगर इलाके में कार्रवाई करते हुए चार घरेलू गैस सिलेंडर, एक बांसुरी और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध गैस रिफलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ “ऑपरेशन प्रवर्तन : सतर्क नागरिक, सुरक्षित शहर” अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here