होटल में घुसकर चार राउंड फायरिंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

0
55

जयपुर। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार रात होटल में घुसकर फायरिंग करने वाले दो बदमाशों को धर—दबोचा है। बताया जा रहा है कि बाइक पर आए दोनों बदमाशों ने होटल स्टाफ को निशाना बनाते हुए चार राउंड फायर किए थे। यह घटना माउंट रोड स्थित होटल माउंट व्यू बीयर बार में रात की है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने पीछा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पीछा करने के दौरान आरोपियों की बाइक फिसल गई, जिससे दोनों के पैर टूट गए।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि मामले में आरोपी गौतम सैन उर्फ गट्टू (19) निवासी गैटोर रोड, ब्रह्मपुरी और रहीस (21) निवासी नाई की थड़ी, जयसिंहपुरा खोर को गिरफ्तार किया गया है।

इस मामले में होटल माउंट व्यू बीयर बार के स्टाफ सदस्य मनोज कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि गुरुवार रात वह होटल के काउंटर पर बैठा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए गौतम और रहीस होटल के अंदर घुसे और देसी कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने चार राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली मनोज कुमार के कान के पास से निकलते हुए दीवार में जा लगी। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने पीछा किया तो भागने के दौरान आरोपियों की बाइक फिसल गई, जिससे दोनों गिरकर घायल हो गए और उनके पैर टूट गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाकर उपचार कराया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके रिश्तेदार पुष्पेंद्र सिंह उर्फ जॉनी (24) निवासी खेड़ली, अलवर हाल पर्वतपुरी, ब्रह्मपुरी का 20 मई को होटल स्टाफ के साथ विवाद हुआ था। उसी का बदला लेने के लिए उन्होंने होटल में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here