गाड़ी खड़ी करने को लेकर जयपुर एयरपोर्ट पार्किंग में कैब ड्राइवरों के दो गुट आपस में भिड़े

0
46

जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पार्किंग में शुक्रवार को कैब ड्राइवरों के दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। घटना के दौरान एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार एयरपोर्ट पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। पहले कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों गुट आमने-सामने आ गए और पार्किंग क्षेत्र में खुलेआम मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्ष करीब आधे घंटे तक एयरपोर्ट परिसर में भिड़े रहे।

इस दौरान एक-दूसरे पर लगातार लात-घूंसे बरसाए गए। मौके पर मौजूद यात्रियों और आम लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर होती चली गई। हंगामे की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट सिक्योरिटी टीम मौके पर पहुंची और दोनों गुटों को अलग किया। सुरक्षा कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना के कारण एयरपोर्ट पार्किंग क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। एयरपोर्ट परिसर जैसे संवेदनशील इलाके में इस तरह खुलेआम मारपीट होने से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग धक्का-मुक्की और मारपीट करते स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।

एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा टीम के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत करा दिया गया। अधिकारियों के अनुसार एयरपोर्ट प्रशासन पहले भी उबर सहित विभिन्न कैब एग्रीगेटर्स से संपर्क कर ड्राइवरों को अनुशासित व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दे चुका है।

प्रशासन का कहना है कि एयरपोर्ट परिसर को सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पार्किंग संचालन और कैब व्यवस्था को लेकर लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्थाएं ऐसे विवादों की बड़ी वजह बन रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here