पिकअप की चपेट में आने से डेढ़ साल की मासूम की मौत

0
53

जयपुर। गलता गेट थाना क्षेत्र के लाल मस्जिद के पीछे स्थित बिलोचियान मोहल्ले में शुक्रवार देर शाम दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। आम के गोदाम में सामान उतारने आई पिकअप वाहन को बैक करते समय बच्ची उसकी चपेट में आ गई। गंभीर घायल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार देर शाम हुआ। मुहाना मंडी से फ्रूट की पेटियां लेकर आई पिकअप वाहन बिलोचियान मोहल्ले स्थित आम के गोदाम में सामान उतारने पहुंची थी। इस दौरान सड़क पर खेल रही डेढ़ साल की बच्ची मन्नत पुत्री आलम निवासी फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश) वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में गंभीर घायल बच्ची को चालक और गोदाम मालिक एसएमएस अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

गलता गेट थाना प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना रात करीब 8:10 बजे मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिकअप वाहन जब्त कर लिया है। वाहन चालक की पहचान थानागाजी निवासी मुकेश के रूप में हुई है। पिकअप का नंबर आरजे 14 जीआर 9914 बताया गया है। गोदाम अली नामक व्यक्ति का है। मामले में रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों के अनुसार मृतका मन्नत अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहती थी। उसके पिता आलम ठेला चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मन्नत चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी, जबकि उसके तीन बड़े भाई हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मृतका के चाचा जान मोहम्मद ने आरोप लगाया कि बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी पिकअप चालक ने लापरवाही से वाहन चढ़ा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चालक ने वाहन को वापस भी लिया, जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here