चाय की थड़ी में घुसी तेज रफ्तार कार, एक युवक की मौके पर मौत

0
40

जयपुर। दौलतपुरा थाना इलाके में जयपुर-सीकर हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। हाईवे पर स्थित ‘मोटू का बास’ के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित टैक्सी कार ने सड़क किनारे बनी चाय की थड़ी को उड़ा दिया। इस हादसे में थड़ी के पास खड़े एक 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि थड़ी संचालक और एक अन्य ग्राहक गंभीर रूप से घायल हो गए।

थाना अधिकारी सुनील गोदारा ने बताया कि एक दंपत्ति ने जयपुर से खाटू श्याम जी दर्शन के लिए टैक्सी कार बुक की थी। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे यह कार जयपुर-सीकर हाईवे पर मोटू का बास इलाके से गुजर रही थी। तभी अचानक कार बेकाबू होकर हाईवे की सर्विस लाइन को पार करते हुए सीधे कैलाश सैनी की चाय की थड़ी में जा घुसी। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान बलराम अटल (24) पुत्र बोदूराम अटल के रूप में हुई है, जो जयपुर ग्रामीण के अमरसर स्थित मेहर खुर्द गांव का रहने वाला था।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, लेकिन एयरबैग समय पर खुल जाने के कारण ड्राइवर जितेंद्र सिंह और पीछे बैठे पति-पत्नी की जान बच गई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साई भीड़ ने कार ड्राइवर को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी। घटना के बाद कार सवार पति-पत्नी मामूली चोटिल हालत में ही वहां से निकल गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बलराम को मृत घोषित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। वहीं घायल थड़ी मालिक कैलाश सैनी और थानाराम को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी कार को जब्त कर ड्राइवर जितेंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ में ड्राइवर जितेंद्र ने स्वीकार किया कि गाड़ी चलाते समय उसे नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण कार से उसका नियंत्रण खो गया और यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here