निर्भया हेल्पलाइन की मुस्तैदी से युवती को मिली राहत: ऑफिस में धमकाने वाला मनचला गिरफ्तार

0
32
Young Woman Finds Relief Thanks to the Vigilance of the Nirbhaya Helpline
Young Woman Finds Relief Thanks to the Vigilance of the Nirbhaya Helpline

जयपुर। राजधानी में महिला सुरक्षा को लेकर सक्रिय जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवती को लंबे समय से परेशान कर रहे मनचले को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती को लगातार फोन कर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और उसके ऑफिस पहुंचकर धमकाने लगा। सूचना मिलते ही कालिका टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को दबोच लिया।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम महिला सुरक्षा को लेकर गश्त पर थी। इसी दौरान निर्भया हेल्पलाइन पर सूचना मिली कि सदर थाना इलाके स्थित एंकर मॉल में एक युवक युवती को परेशान कर रहा है। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पीड़िता से संपर्क किया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मोहित शर्मा नामक युवक काफी समय से उसे और उसके परिजनों को फोन कर परेशान कर रहा था। आरोपी उसे धमकी देता था कि यदि उसने ऑफिस में किसी को इस बारे में बताया तो अंजाम बुरा होगा। शुक्रवार को आरोपी युवती के ऑफिस तक पहुंच गया और वहां भी उसे प्रताड़ित करने लगा।

जब कालिका पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची तब आरोपी ऑफिस की पार्किंग में ही मौजूद था। पुलिस टीम ने जब उससे पूछताछ की तो वह आक्रोशित हो गया और पुलिस के सामने ही युवती को दोबारा धमकाने लगा। आरोपी के आक्रामक रवैये को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल उसे काबू कर लिया और सदर थाने में गिरफ्तार करवा दिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय मोहित शर्मा के रूप में हुई है। वह सोडाला स्थित जनता नगर रांकड़ी इलाके का निवासी है। पुलिस आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।

एडीसीपी रानू शर्मा ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या मनचलों से परेशान होने पर निर्भया हेल्पलाइन के नंबर मोबाइल में सेव रखें और तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि कालिका टीम समय रहते सहायता के लिए पहुंच सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here