संडे स्पेशल: पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त और सेहतमंद रखने के लिए राजस्थान पुलिस की अनूठी पहल

0
7

जयपुर । युवाओं और आमजन में फिटनेस व स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार रविवार को राजस्थान में “संडेज ऑन साइकिल” अभियान का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों की निरंतरता में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस आर्म्ड बटालियन एवं मुख्य खेल अधिकारी राजस्थान पुलिस रुपिंदर सिंघ द्वारा प्रदेश की सभी जिला पुलिस इकाइयों, बटालियनों और प्रशिक्षण संस्थानों को तैयारियां पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

योगा से लेकर साइकिलिंग तक, संडे सुबह होगा सेहत के नाम

​इस अनूठी पहल के अंतर्गत राजस्थान की सभी बटालियनों, जिला पुलिस यूनिटों, राजस्थान पुलिस अकादमी और विभिन्न पुलिस ट्रेनिंग सेंटर्स में रविवार की सुबह विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, संडे की सुबह को बेहद ऊर्जावान बनाने के लिए सबसे पहले योगा का सत्र होगा। इसके बाद जवानों में जोश भरने के लिए जुम्बा डांस, रोप स्किपिंग (रस्सी कूदना) और अंत में साइकिलिंग को प्रमोट किया जाएगा। इस कसरत और मनोरंजन के मिश्रण से पुलिसकर्मियों को अपनी व्यस्त दिनचर्या से हटकर कुछ पल खुद के लिए जीने का मौका मिलेगा।

राष्ट्रमंडल खेल थीम और वर्ष 2030 की मेजबानी का जश्न

मुख्य खेल अधिकारी रुपिंदर सिंह ने बताया कि यह विशेष आयोजन फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया अभियान के तहत किया जा रहा है। सबसे खास बात यह है कि इस बार संडेज ऑन साइकिल का आयोजन राष्ट्रमंडल खेल थीम पर किया जा रहा है। वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत की सफल दावेदारी के बाद यह आयोजन और अधिक गौरवमयी बन गया है। इस अभियान के माध्यम से न केवल पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रखा जाएगा, बल्कि देश की खेल संस्कृति को मजबूत करने का संदेश भी आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

यह विशेष स्वास्थ्य एवं खेल कार्यक्रम आमतौर पर सुबह 6 बजे से प्रारंभ होकर 7:30 बजे तक संचालित किया जाएगा। हालांकि, विभिन्न जिलों और बटालियनों को स्थानीय मौसम व स्टाफ की सहूलियत के अनुसार समय में आंशिक बदलाव (जैसे सुबह 6:15 या 6:30 बजे) करने की छूट दी गई है। पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिए हैं कि आयोजन के दौरान आने वाली खूबसूरत तस्वीरों और वीडियो को राजस्थान पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर प्रमुखता से साझा किया जाए, ताकि जनजागरूकता का यह सकारात्मक संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे ताकि आमजन भी अपनी सेहत के प्रति जागरूक हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here