जयपुर। श्री भाटिया बिरादरी प्रबंध समिति के तत्वावधान में आयोजित 108 श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का समापन रविवार को श्रद्धा और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ। पूर्णाहुति अवसर पर भाटिया भवन परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ व पूजन में शामिल हुए।
सुबह 8 बजे 11 हवन कुंडों में पंडित जवाहर लाल हर्ष के सान्निध्य में वेदमंत्रों के साथ हवन सम्पन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की। इस दौरान भगवान गणेश, नवग्रह, षोडश मातृका और भगवान कृष्ण का विधिवत पूजन किया गया तथा पितरों का श्रद्धापूर्वक स्मरण कर विदाई दी गई।
दोपहर में आयोजित विशाल भोजन प्रसादी में करीब पांच हजार श्रद्धालुओं ने पूड़ी, चावल, छोले, मिक्स वेज, रसभरी और रायता सहित विभिन्न व्यंजनों का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में देश के 45 से अधिक शहरों से आए भाटिया बिरादरी के प्रतिनिधियों ने सामूहिक आरती कर भक्ति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया।
समिति के अजय गांधी, नितिन भाटिया, हरीश भाटिया, योगराज भाटिया, आशीष भाटिया और अजय भाटिया सहित सैकड़ों स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। श्रद्धालुओं ने आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया।



















