
जयपुर। छोटी काशी में अधिमास के अवसर पर धार्मिक आयोजनों और भागवत कथाओं का दौर जारी है। चांदपोल बाजार स्थित नींदड़ राव जी के रास्ते में मंदिर श्री नृसिंह जी अग्रवाल पंचायत समिति में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
कथा के चौथे दिन राम जन्मोत्सव और कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। व्यासपीठ से कथावाचक गोपाल दास महाराज ने संगीतमय वाणी में कथा श्रवण कराते हुए कहा कि जब-जब धरती पर पाप का भार बढ़ता है, तब भगवान अपने भक्तों की रक्षा के लिए अवतार लेते हैं।
कृष्ण जन्मोत्सव के दौरान बधाई गीतों के बीच कपड़े, खिलौने, सूखे मेवे, फल और लड्डुओं की जमकर उछाल हुई। इस अवसर पर कृष्ण जन्म की आकर्षक झांकी सजाई गई तथा श्रद्धालुओं ने भक्ति नृत्य कर नंदोत्सव मनाया।
आयोजकों ने बताया कि कथा का शुभारंभ 21 मई को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ था। कथा के दौरान प्रतिदिन धार्मिक प्रसंगों का रसपान कराया जा रहा है।


















