गंदे पानी की सप्लाई के विरोध में कांग्रेस की ‘पानी यात्रा’ आज

0
41

जयपुर। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने राजधानी में गंदे पानी की सप्लाई और पेयजल संकट को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जयपुर में लोगों को पीने के लिए साफ पानी तक नहीं मिल रहा और आमजन महंगे पानी के कैम्पर व टैंकर खरीदने को मजबूर हैं।

खाचरियावास ने आरोप लगाया कि सरकार ने गर्मी शुरू होने से पहले कोई कंटनजेंसी प्लान नहीं बनाया, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि जहां पानी के कैम्पर 50 रुपये में बिक रहे हैं, वहीं टैंकर माफिया 500 रुपये तक वसूल रहे हैं। सरकार की ओर से फ्री पानी के टैंकर भी उपलब्ध नहीं कराए जा रहे।

उन्होंने बताया कि गंदे पानी की समस्या और भाजपा सरकार के विरोध में जयपुर कांग्रेस सोमवार, 25 मई को सुबह 10 बजे सिविल लाइंस स्थित खाचरियावास हाउस से जलभवन तक “पानी यात्रा” निकालेगी। यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे और जलभवन पहुंचकर मटका फोड़ प्रदर्शन करेंगे।

खाचरियावास ने कहा कि जब तक जयपुर सहित प्रदेशभर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था और मुफ्त टैंकर उपलब्ध नहीं कराए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी पर जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन रहने का आरोप लगाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here