रामगंज थाने का कांस्टेबल 7 हजार 500 रुपए लेते गिरफ्तार

0
50
Ramganj Police Station Constable Arrested for Accepting ₹7,500
Ramganj Police Station Constable Arrested for Accepting ₹7,500

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जयपुर नगर चतुर्थ इकाई ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना रामगंज जयपुर उत्तर में तैनात कांस्टेबल सीताराम मीणा को 7 हजार 500 रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपित कांस्टेबल पासपोर्ट वेरिफिकेशन के नाम पर परिवादी से रिश्वत मांग रहा था।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने अपने,पत्नी और बच्चे के पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। इन आवेदनों की जांच पुलिस थाना रामगंज जयपुर के कांस्टेबल सीताराम मीणा के पास लंबित थी। आरोप है कि सत्यापन रिपोर्ट अनुकूल करने की एवज में आरोपित कांस्टेबल ने 30 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। बाद में सौदा 9 हजार रुपए में तय हुआ।

एसीबी के अनुसार आरोपित कांस्टेबल ने 24 मई को सत्यापन के दौरान 1 हजार 500 रुपए पहले ही प्राप्त कर लिए थे। इसके बाद सोमवार को शेष 7 हजार 500 रुपए लेते समय एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपित कांस्टेबल सीताराम मीणा से पूछताछ जारी है।

यह कार्रवाई एसीबी उप महानिरीक्षक-द्वितीय जयपुर ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में की गई। एसीबी जयपुर नगर चतुर्थ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक रामजीलाल एवं टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here