पेट्रोल पम्पों पर चला निरीक्षण अभियान: 226 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण में 103 नोजल सीज

0
64

जयपुर। प्रदेशभर में उपभोक्ताओं को पेट्रोल और डीजल की सही मात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधिक माप विज्ञान विभाग ने 13 मई से 18 मई तक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न जिलों में कुल 226 पेट्रोल पम्पों की जांच की गई, जिनमें 110 पेट्रोल पम्पों पर विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई।

विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान अधिकांश पेट्रोल पम्प निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए और उपभोक्ताओं को सही मात्रा में ईंधन वितरण होता मिला। हालांकि कुछ मामलों में शॉर्ट डिलीवरी की शिकायतें सामने आईं। विभाग ने बताया कि कई स्थानों पर वितरण में बेहद मामूली अंतर पाया गया, जो तापमान, मशीनों की तकनीकी संवेदनशीलता, कैलिब्रेशन अथवा अन्य परिचालन कारणों से हो सकता है।

विशेष अभियान के दौरान 60 प्रकरण शॉर्ट डिलीवरी से संबंधित पाए गए। जांच के दौरान 103 नोजल नियमानुसार सीज किए गए। इसके अलावा 56 मामलों में सत्यापन प्रमाण पत्र प्रदर्शित नहीं किए जाने तथा 16 मामलों में अप्रमाणित माप उपकरण उपयोग में लेने की अनियमितता सामने आई।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कुल 226 पेट्रोल पम्पों में से लगभग 116 पेट्रोल पम्प पूरी तरह मानकों के अनुरूप पाए गए। अभियान का उद्देश्य पेट्रोल पम्प संचालकों को प्रतिदिन “5 लीटर माप” के माध्यम से स्वयं जांच करने और मशीनों का नियमित रखरखाव एवं कैलिब्रेशन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना है।

विधिक माप विज्ञान विभाग ने कहा कि उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और व्यापारिक पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here