जयपुर। ईद-उल-जुहा के अवसर पर 28 मई गुरुवार को राजधानी जयपुर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस प्रशासन के अनुसार ईदगाह मस्जिद सहित शहर की विभिन्न मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करेंगे। ईदगाह में मुख्य नमाज सुबह 8 बजे होगी, जबकि जौहरी बाजार स्थित जामा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए सुबह 6 बजे से 10 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
पुलिस उपायुक्त जयपुर यातायात योगेश गोयल के आनुसार दिल्ली से जयपुर आने वाले भारी वाहनों और बसों को चंदवाजी से डायवर्ट कर एक्सप्रेस हाईवे से निकाला जाएगा। दिल्ली रोड से आने वाली रोडवेज बसों का संचालन चंदवाजी, एक्सप्रेस हाईवे, रोड नंबर-14, वीकेआई, सीकर रोड, चोमू तिराहा और पानीपेच तिराहा होते हुए सिंधी कैंप तक किया जाएगा। वापसी में भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है।
दिल्ली रोड से आने वाले सामान्य यातायात को आमेर तिराहे से डायवर्ट कर आमेर, मावठा, जलमहल, सुभाष चौक और बड़ी चौपड़ मार्ग से निकाला जाएगा। वहीं मानबाग की ओर से ढाबीघाट की तरफ किसी भी प्रकार के यातायात की अनुमति नहीं होगी। इस मार्ग का ट्रैफिक दिल्ली रोड और आमेर की ओर मोड़ा जाएगा।
ईदगाह में नमाज के दौरान टीपी नगर से ढाबीघाट चौराहे तक सामान्य यातायात बंद रहेगा। ढाबीघाट से रामगढ़ मोड़ की ओर तथा टीपी नगर से गुरुद्वारा मोड़ और रोटरी सर्किल की तरफ ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। रामगढ़ मोड़ से ढाबीघाट जाने वाले वाहनों को सुभाष चौक, माउंट रोड और जलमहल की ओर भेजा जाएगा।
इसके अलावा रामगंज चौपड़ से गलता गेट जाने वाले यातायात को घाट बाजार, घोड़ा निकास रोड और बड़ी चौपड़ की ओर मोड़ा जाएगा। आगरा रोड से आने वाले भारी वाहनों को रिंग रोड के जरिए डायवर्ट किया जाएगा। वहीं आगरा रोड से आने वाले सामान्य यातायात को रोटरी सर्किल, जवाहर नगर बाईपास और टीपी नगर से गुरुद्वारा मोड़ की ओर निकाला जाएगा।
जौहरी बाजार स्थित जामा मस्जिद के सामने नमाज के दौरान किसी भी प्रकार के वाहन पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। बड़ी चौपड़ से सांगानेरी गेट तक सामान्य यातायात भी बंद रहेगा। बड़ी चौपड़ से त्रिपोलिया बाजार और सांगानेरी गेट से मिनर्वा चौराहा व रामनिवास बाग की ओर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
एमडी रोड पर नमाज के दौरान मिनर्वा चौराहे से म्यूजियम रोड तक सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान म्यूजियम रोड से रामनिवास बाग के अंदर की ओर यातायात मोड़ा जाएगा। मिनर्वा चौराहे से सांगानेरी गेट और घाटगेट चौराहे की ओर भी डायवर्जन रहेगा। साथ ही एमडी रोड पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग निषिद्ध रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि अजमेरी गेट, इंद्रा बाजार तथा शहर के अन्य नमाज स्थलों के आसपास भी नमाज के समय यातायात आवागमन और पार्किंग पर प्रतिबंध रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि वे कार्यक्रम के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।



















