घाट गेट इलाके में पिकअप में लगी आग: पेट्रोल पंप के पास मची अफरा-तफरी

0
20

जयपुर। शहर के घाट गेट इलाके में शुक्रवार शाम अचानक एक पिकअप गाड़ी में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना पेट्रोल पंप के सामने हुई, जहां पास में ही दो पेट्रोल पंप स्थित होने के कारण बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई। हालांकि दमकल विभाग और पुलिस की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप गाड़ी से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं बढ़ने पर आसपास की दुकानों में बैठे लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गाड़ी में बैठा चालक भी धुआं निकलता देख तुरंत वाहन से उतरकर सुरक्षित दूरी पर चला गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया। आग बुझाने के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर लोगों की आवाजाही भी रोक दी गई।
मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल हजारीलाल और कॉन्स्टेबल लक्ष्मण ने भी फुर्ती दिखाते हुए हालात संभाले। दोनों पुलिसकर्मियों ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया तथा यातायात को नियंत्रित कर स्थिति सामान्य बनाए रखी।

आग बुझने के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here