82 हजार से ज्यादा वाहन चालकों पर कार्रवाई: 122 मॉडिफाइड साइलेंसर और 600 से अधिक बुलगार्ड जब्त

0
46
Narcotics Worth Over ₹2 Crore Consigned to the Furnace
Narcotics Worth Over ₹2 Crore Consigned to the Furnace

जयपुर। राजधानी में यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जयपुर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर एक मई से शुरू किए गए अभियान के तहत अब तक 82 हजार 412 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है। वहीं 100 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसर और 600 से ज्यादा अवैध बुलगार्ड मौके पर ही हटाकर जब्त किए गए हैं।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर विशेष नाकाबंदी कर ब्लैक फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर, ओवरस्पीड, ड्रंकन ड्राइविंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान गंभीर श्रेणी के 40 हजार 718 मामलों में कार्रवाई की गई। इनमें 36 हजार 265 ओवरस्पीड वाहन, 3 हजार 289 ब्लैक फिल्म लगे वाहन, 663 अवैध बम्पर-बुलगार्ड वाले वाहन, 379 ड्रंकन ड्राइविंग के मामले तथा 122 मॉडिफाइड साइलेंसर वाली मोटरसाइकिलें शामिल हैं।

इसके अलावा 41 हजार 694 अन्य वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के 6 हजार 993, ट्रिपल राइडिंग के 6 हजार 803, रेड लाइट जंप करने के 5 हजार 393, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने के 1 हजार 370 और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने के 1 हजार 229 मामले शामिल हैं।

यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान 100 से अधिक अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर और 600 से अधिक चौपहिया वाहनों पर लगे बुलगार्ड मौके पर ही हटवाकर जब्त किए। डीसीपी योगेश गोयल ने बताया कि वाहनों पर लगाए जाने वाले अवैध लोहे के बम्पर और बुलगार्ड दुर्घटना के समय एयरबैग सिस्टम को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे वाहन सवारों की जान को खतरा बढ़ जाता है।

उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अनाधिकृत मॉडिफिकेशन नहीं कराने की अपील की। यातायात पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here