घर से भागे बच्चे को पुलिस ने खोज निकाला: सुरक्षित पहुंचाया परिवार तक

0
49

जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए पार्क में अकेले मिले 8 वर्षीय बालक को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाया। पुलिस की सतर्कता और काउंसलिंग के बाद बच्चे के घर छोड़कर भागने की वजह भी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार गुरुवार देर रात सूचना मिली कि सेक्टर-2 स्थित चित्रकूट पार्क में एक छोटा बच्चा डरा-सहमा अवस्था में अकेला बैठा है। सूचना पर जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित थाने लेकर आई। प्रारंभिक पूछताछ में बच्चे ने खुद को आमागढ़ क्षेत्र का निवासी बताया, लेकिन उसने यह भी कहा कि उसके माता-पिता नहीं हैं और वह लावारिस है।

बच्चे की बातों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ।इसके बाद थाना स्पेशल टीम के कांस्टेबल शंकर शर्मा ने बच्चे द्वारा दी गई सीमित जानकारी के आधार पर आमागढ़ क्षेत्र में तलाश शुरू की। कई घंटों की खोजबीन के बाद शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को बच्चे के घर और उसकी मां का पता चल गया।

थाना प्रभारी सरला के नेतृत्व में पुलिस ने परिजनों को थाने बुलाया। हालांकि, अपनी मां को सामने देखकर भी बच्चा उसके साथ जाने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस ने धैर्यपूर्वक काउंसलिंग की तो बच्चे ने बताया कि उसके घर में एक बाहरी व्यक्ति रह रहा था, जिससे वह भयभीत था। उसी के डर के कारण वह घर छोड़कर चला गया था।

मामला सामने आने पर पुलिस ने बच्चे को डराने वाले संबंधित व्यक्ति के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने बच्चे को भरोसा दिलाया कि उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। काफी समझाइश और आश्वासन के बाद बच्चा अपनी मां के साथ घर जाने के लिए तैयार हो गया।

पुलिस ने बताया कि बच्चे के पिता दिव्यांग हैं। पूरे मामले में कांस्टेबल शंकर शर्मा की विशेष भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और लगातार प्रयासों से बच्चे को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया जा सका।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here