जयपुर। खोराबीसल थाना पुलिस ने दिनदहाड़े सुनसान मंदिर में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को दबोचते हुए वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है।
थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि हनुमान मंदिर, खानडा चदरिया वाला बालाजी में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया गया है। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि 31 मई को लालचंदपुरा निवासी फूलचंद यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 मई को अज्ञात चोर मंदिर से नकदी, चांदी का पॉलिश किया हुआ छत्र, गेहूं के कट्टे तथा नारियल के कट्टे चोरी कर ले गए।
प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान फुटेज में एक संदिग्ध पिकअप वाहन में कट्टे एवं अन्य सामान ले जाते हुए नजर आया। इसके आधार पर पुलिस ने मंशारामपुरा रोड क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई और मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान भैरु नायक उर्फ बच्चा उर्फ धर्मेश (23), निवासी भोपा बस्ती, बैनाड़ के रूप में हुई। आरोपी ने अपने साथी रामबाबू भोपा के साथ मिलकर मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का एक साथी रामबाबू भोपा अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। साथ ही चोरी गए चांदी के छत्र, नकदी एवं गेहूं-नारियल के कट्टों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
थानाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी और उसका साथी पूर्व में भी चोरी एवं नकबजनी के मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।


















