ट्रैफिक पुलिस की अनूठी पहल: बिना हेलमेट चालकों को पहनाए आईएसआई मार्क हेलमेट

0
39

जयपुर। राजधानी में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने और दुपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को फिनोवा कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से विशेष हेलमेट जागरूकता अभियान की शुरुआत की।

यह अभियान अजमेरी गेट स्थित यादगार भवन के पास यादगार तिराहे पर चलाया गया, जहां बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले दुपहिया चालकों को रोककर उन्हें सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई तथा उन्हें आईएसआई मार्क हेलमेट वितरित किए गए।

इस कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने कहा कि राज्य सरकार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर अत्यंत संवेदनशील है और इसी दिशा में ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेलमेट न पहनने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु का खतरा सबसे अधिक रहता है, इसलिए इसका उपयोग जीवन सुरक्षा के लिए अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस के प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में काफी सफलता मिली है और इस प्रकार के अभियान आमजन के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होंगे।

इस अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने बिना हेलमेट चल रहे वाहन चालकों को रोका, उन्हें समझाइश दी और आगे से हमेशा हेलमेट पहनने का संकल्प दिलाते हुए मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण आईएसआई मार्क हेलमेट प्रदान किए।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात दक्षिण) रानू शर्मा ने इस पहल को समाज के लिए अत्यंत सकारात्मक बताते हुए सहयोगी संस्था का आभार व्यक्त किया।

इस कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त अमीर हसन सहित यातायात पुलिस के अधिकारी व जवान मौजूद रहे। वहीं सहयोगी संस्था फिनोवा कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड की ओर से चीफ बिजनेस एंड कलेक्शन ऑफिसर मयंक मार्कंडेय, सीएसआर हेड विपुल तांबी सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन ने भी भाग लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here