चौपहिया वाहन चुराने वाली वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश

0
38
Gang of Four-Wheeler Thieves Busted
Gang of Four-Wheeler Thieves Busted

जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने चौपहिया वाहन चुराने वाले चोरों और उनके संगठित सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चोरी हुई स्कॉर्पियो बरामद कर दो मुख्य वाहन चोरों सहित चोरी का वाहन खरीदने वाले और नेटवर्क में शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने इनके कब्जे से दो लग्जरी कारें तथा 1,96,000 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि खोह नागोरियान थाना पुलिस ने चौपहिया वाहन चुराने वाले चोरों और उनके संगठित सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चोरी हुई स्कॉर्पियो बरामद कर मुख्य वाहन चोर जयप्रकाश मीणा उर्फ टिंकू (19) निवासी मण्डावर जिला (दौसा) हाल खोह नागोरियान सुनील मीणा (25) निवासी रैणी जिला (अलवर) हाल इंदिरा गांधी नगर खोह नागोरियान सहित चोरी का वाहन खरीदने वाले एवं नेटवर्क सदस्य अनिल कुमार कीर (24) निवासी निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़), रवि धोबी (32) निवासी कीरखेड़ा (चित्तौड़गढ़),मनीष कुमार तिवारी (46), निवासी मंदसौर (मप्र) हाल नीमच (मप्र)लादूलाल जाट (41), निवासी कशमोर (चित्तौड़गढ़), इन्द्र कीर (22) निवासी कीरखेड़ा (चित्तौड़गढ़) और राहुल भाट (20) निवासी कीरखेड़ा कच्ची बस्ती (चित्तौड़गढ़) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसके पास से बरामदगी में चोरी की स्कॉर्पियो के साथ दो लग्जरी वाहन—स्विफ्ट डिजायर और वरना सहित 1,96,000 रुपये नकदी बरामद की है। खोह नागोरियान थानाधिकारी ओमप्रकाश मातवा ने बताया कि वाहन खरीदने वाले कई आरोपी लूट, चोरी और एनडीपीएस जैसे गंभीर अपराधों में पहले से संलिप्त हैं तथा इनके खिलाफ विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार, अशोक कुमार, कांस्टेबल रामावतार, हरेन्द्र, अशोक कुमार, दिनेश, रविन्द्र, विनोद सहित अन्य जवानों ने तकनीकी व जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दिया।

गौरतलब है कि 27 मई 2026 को परिवादी देवेंद्र मीणा (23) निवासी नारायण सिटी, कंचनजंगा अपार्टमेंट के पास जगतपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 मई 2026 की तड़के करीब 4:30 बजे घर के बाहर पार्क की गई उनकी काले रंग की स्कॉर्पियो चोरी हो गई। इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस की विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की तथा तकनीकी निगरानी के आधार पर उनका पीछा शुरू किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चित्तौड़गढ़ क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य आरोपियों सहित वाहन खरीदने वाले पूरे नेटवर्क को गिरफ्तार किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here