जयपुर। करधनी थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी करने वाली एक ‘लुटेरी दुल्हन’ और उसके गिरोह का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दुल्हन शादी के मात्र 8 दिन बाद अपने पति को आगरा रेलवे स्टेशन पर पानी लेने भेज कर करीब 3.50 लाख रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। वहीं, शादी करवाने वाले बिचौलिये भी 1.50 लाख रुपये ऐंठकर मोबाइल बंद कर गायब हो गए।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित ने कोर्ट इस्तगासे के जरिए मामला दर्ज कराया, जिसके बाद करधनी थाना पुलिस ने लुटेरी दुल्हन, उसकी मां और बिचौलियों सहित पूरी गैंग के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसआई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि कालवाड़ रोड निवासी 42 वर्षीय पीड़ित जनवरी 2026 में किसी कार्य से आगरा (उत्तर प्रदेश) गया था। वहां उसकी मुलाकात विक्की पंडित, राकेश और एक महिला से हुई, जिन्होंने उसकी शादी न होने की बात जानकर एक लड़की का रिश्ता बताया।
आरोपियों ने शर्त रखी कि लड़की गरीब परिवार से है, इसलिए शादी का पूरा खर्च पीड़ित को उठाना होगा। इसके बाद सौदा तय हुआ और शादी के नाम पर 1.50 लाख रुपये एडवांस वसूले गए।
इसके बाद पीड़ित ने दुल्हन के लिए करीब 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और एक मोबाइल फोन खरीदा। 15 जनवरी को वह जेवरात लेकर आगरा पहुंचा, जहां 16 जनवरी को कोर्ट में लिखित प्रक्रिया के तहत दोनों की शादी करवाई गई। इस दौरान दुल्हन की मां भी मौजूद थी।
शादी के बाद 20 जनवरी को पीड़ित अपनी नवविवाहिता पत्नी को लेकर जयपुर लौट आया। लेकिन 29 जनवरी को दोनों आगरा घूमने गए, जहां आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर दुल्हन ने पति को पानी लेने भेजकर उसे धोखे से गायब हो गई।
जब पीड़ित वापस लौटा तो दुल्हन वहां से फरार थी और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। बाद में जयपुर आकर जब उसने अलमारी जांची तो 3 लाख रुपये के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद गायब मिले।
पीड़ित ने जब शादी कराने वाले बिचौलियों विक्की पंडित और राकेश से संपर्क किया तो उनके मोबाइल भी बंद मिले। ठगी का अहसास होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश में जुट गई है।



















