जयपुर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान: बेलगाम वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई

0
42
Strict Action Against Reckless Drivers
Strict Action Against Reckless Drivers

जयपुर। राजधानी में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले आदतन और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा और सख्त अभियान शुरू किया है। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर मोटर वाहन अधिनियम (संशोधित 2019) के तहत सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई लगातार जारी है।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से ड्राइविंग, ब्लैक फिल्म का उपयोग, अनाधिकृत मॉडिफिकेशन तथा बार-बार नियम तोड़ने वाले आदतन वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

तीन गंभीर मामलों में वाहन सीज

अभियान के दौरान तीन बड़े मामलों में वाहनों को सीज किया गया है। इनमें शामिल हैं बस नंबर RJ07PB1319, जिसके चालक ने 67 बार यातायात नियमों का उल्लंघन किया । बस नंबर RJ05PA4377, जिस पर 63 बार नियम उल्लंघन दर्ज है । थार नंबर RJ60CB7445, जिसे 6 बार नियम तोड़ने के बाद दोबारा उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त अब तक 37 अन्य आदतन वाहनों को भी जब्त किया जा चुका है।

वीकेंड विशेष अभियान में हजारों चालान

30 एवं 31 मई 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने शहरभर में व्यापक कार्रवाई की। इस दौरान ब्लैक फिल्म के 451 मामले, ओवरस्पीडिंग के 3108 मामले,अनाधिकृत मॉडिफिकेशन के 119 मामले,शराब पीकर वाहन चलाने के 36 मामले और मॉडिफाइड साइलेंसर के 31 मामले दर्ज किए गए इस अभियान के दौरान 25 से अधिक दोपहिया वाहनों के अवैध साइलेंसर हटवाए गए तथा 100 से अधिक चौपहिया वाहनों से अनाधिकृत बंपर एवं बुलगार्ड हटवाए गए।

अब तक 86,157 वाहनों पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार अब तक कुल 86,157 वाहनों के खिलाफ चालान एवं शमन की कार्रवाई की जा चुकी है, जो इस अभियान की व्यापकता को दर्शाता है।

15,697 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड

डीसीपी ट्रैफिक योगेश गोयल ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से अब तक 42,358 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने तथा 558 वाहनों के रजिस्ट्रेशन सस्पेंड करने की अनुशंसा परिवहन विभाग को भेजी गई है। इनमें से अब तक 15,697 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किए जा चुके हैं।

ऑनलाइन चालान जांच की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहन के पेंडिंग चालानों की स्थिति की जांच आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर करें और समय पर उनका भुगतान सुनिश्चित करें।

वर्चुअल कोर्ट मामलों में अलग प्रक्रिया

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिन मामलों को वर्चुअल कोर्ट में भेजा जा चुका है, उनका निस्तारण अब ट्रैफिक पुलिस स्तर पर नहीं किया जा सकेगा। ऐसे मामलों की स्थिति जानने के लिए संबंधित वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here