जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लगातार चौथे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के उज्जैन से 25 हजार रुपए के इनामी अपराधी राकेश (37) को गिरफ्तार किया है। आरोपी जोधपुर ग्रामीण पुलिस का वांछित था और पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि कार्रवाई “ऑपरेशन मदमनीरा” के तहत की गई। आरोपी राकेश गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वह बार-बार मोबाइल नंबर बदलता था और अधिकांश समय फोन बंद रखता था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ था।
जांच के दौरान एएनटीएफ को सूचना मिली कि आरोपी कालसर्प दोष की पूजा के लिए उज्जैन पहुंचा हुआ है। इसके बाद टीम के सदस्य सादे कपड़ों में श्रद्धालु बनकर महाकाल मंदिर और आसपास के मंदिरों में निगरानी करने लगे। काफी समय तक निगरानी के बाद महाकाल मंदिर के निकट स्थित एक छोटे मंदिर में हवन और पूजा-अर्चना कर रहे व्यक्ति की पहचान राकेश के रूप में हुई। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि राकेश ने वर्ष 2010 में आईटीआई डिप्लोमा किया था। इसके बाद वह खेती-किसानी के कार्य से जुड़ा रहा, लेकिन डोडा-पोस्त के कारोबार से जुड़े लोगों के संपर्क में आने के बाद मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो गया। धीरे-धीरे उसके संबंध मारवाड़ क्षेत्र के बड़े तस्करों से बने और उसने मध्यप्रदेश से राजस्थान तक मादक पदार्थों की सप्लाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब 10 वर्षों से मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। मध्यप्रदेश में डोडा-पोस्त की दुकान पर काम करने के दौरान उसकी पहचान राजस्थान के तस्करों से हुई और बाद में वह बड़े नेटवर्क का सक्रिय सदस्य बन गया।
एएनटीएफ अधिकारियों का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य तस्करों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। पूछताछ के आधार पर आगामी दिनों में और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
गौरतलब है कि एएनटीएफ विभिन्न राज्यों में अभियान चलाकर वांछित अपराधियों की धरपकड़ कर रही है। इससे एक दिन पहले टीम ने झारखंड निवासी वांछित अपराधी अंकित को गिरफ्तार किया था। लगातार चौथे दिन हुई कार्रवाई ने नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान को और गति दी है।



















