जयपुर। मालपुरा गेट थाना क्षेत्र में गुरुवार को हिट एंड रन का दर्दनाक मामला सामने आया। टोंक रोड स्थित बम्बाला पुलिया के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवती की मौत हो गई। युवती हाल ही में नौकरी मिलने पर जोधपुर से जयपुर आई थी और कंपनी जाने के दौरान हादसे का शिकार हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान जोधपुर के गायत्री नगर निवासी नेहा उपाध्याय (26) पुत्री किशन गोपाल उपाध्याय के रूप में हुई है। नेहा तीन-चार दिन पहले ही सीतापुरा स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी लगने पर जयपुर आई थी।
हेड कांस्टेबल विजय सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह नेहा कंपनी जाने के लिए बस से बम्बाला पुलिया के पास उतरी थी। बस से उतरने के बाद वह सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर मालपुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल नेहा को तत्काल एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने एसएमएस अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन की तलाश में जुटी हुई है।



















