उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी की पहल: सड़क निर्माण कार्यों को मिलेगा नया संबल

0
41

जयपुर। राज्य में सड़क निर्माण परियोजनाओं को गति देने के लिए उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब सड़क निर्माण में उपयोग होने वाले बिटूमिन (डामर) का प्रावधिक मूल्य मासिक आधार पर जारी किया जाएगा, जिससे निर्माण कार्यों में आ रही व्यावहारिक बाधाएं दूर होंगी और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।

इसके साथ ही राज्य सरकार ने पश्चिम एशिया संकट के कारण प्रभावित सड़क परियोजनाओं को बिना लिक्विडेटेड डैमेज (एलडी) लगाए दो माह का अतिरिक्त समय देने का भी फैसला किया है। इससे संवेदकों को राहत मिलेगी और लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने में सहायता मिलेगी।

जानकारी के अनुसार हाल ही में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के संवेदकों ने उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी से मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा था। संवेदकों ने सड़क निर्माण कार्यों में आ रही चुनौतियों और लागत से जुड़े मुद्दों को उनके समक्ष रखा था।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी एवं वित्त विभाग के अधिकारियों को सड़क परियोजनाओं को गति देने तथा संवेदकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों की अनुपालना में राज्य सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

संवेदकों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि बिटूमिन मूल्य की मासिक घोषणा और प्रभावित परियोजनाओं को अतिरिक्त समय मिलने से सड़क निर्माण कार्यों में तेजी आएगी तथा विकास परियोजनाओं को नया संबल मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here