जयपुर। राजधानी के मुहाना थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाश एक घर के बाहर रखी वॉशिंग मशीन को महज एक मिनट में चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार चोरी की यह वारदात मुहाना मंडी स्थित केसर चौराहा निवासी भगवत सिंह राजावत के घर पर हुई। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बाइक पर सवार दो युवक पहले घर के आसपास रेकी करते हैं। इसके बाद दोनों घर के मुख्य गेट के बाहर रुकते हैं। जहां पीछे बैठा युवक बाइक से उतरकर मुख्य गेट खोलता है और सीधे घर के पोर्च में पहुंच जाता है।
वहां रखी वॉशिंग मशीन को उठाकर बाहर लाता है और बाइक पर रख देता है। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं। पूरी वारदात करीब एक मिनट के भीतर अंजाम दी गई। कुछ देर बाद परिजनों ने बाहर आकर देखा तो वॉशिंग मशीन गायब मिली। संदेह होने पर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार दोनों आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के क्षेत्रों के कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।



















