जयपुर। करधनी थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक तेज रफ्तार कार चालक ने पुलिसकर्मी को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए सड़क किनारे खड़े कॉन्स्टेबल को कार से कुचल दिया। घायल पुलिसकर्मी को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
जांच अधिकारी एसआई चमन लाल के अनुसार जयपुर पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल दशरथ सिंह (52) ने करधनी थाने में मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि 6-7 जून की दरमियानी रात उनकी ड्यूटी झोटवाड़ा स्थित एसपी ऑफिस के पास 9 दुकानों के सामने नाकाबंदी में लगी हुई थी। उनके साथ कॉन्स्टेबल अमित गजराज, विक्रम और सुनीता भी तैनात थे।
रात करीब 2:15 बजे झोटवाड़ा की ओर से एक कार तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार की रफ्तार और बढ़ा दी। कार ने नाकाबंदी में लगे कई बैरिकेड्स को टक्कर मारकर तोड़ दिया और एक पेड़ से टकराने के बाद सड़क किनारे खड़े कॉन्स्टेबल अमित गजराज (43) को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर लगने के बाद कॉन्स्टेबल सड़क पर गिर गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसके ऊपर कार चढ़ा दी। इसके बाद आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
हेड कांस्टेबल दशरथ सिंह ने बताया कि घायल अमित गजराज कार के नीचे फंस गए थे। राहगीरों की मदद से कार को उठाकर उन्हें बाहर निकाला गया। हादसे में उनके हाथ और पसलियों में फ्रैक्चर हो गया। उन्हें तत्काल एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चालक हजारी गुर्जर (30) निवासी गांव काली धोबड़ी, सांभर एवं हाल निवासी गोविंदपुरा, करधनी, शराब के नशे में वाहन चला रहा था। मेडिकल जांच में उसके शरीर में 183.6 मिलीग्राम अल्कोहल पाया गया। आरोपी टैक्सी चालक का काम करता है।
करधनी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार सुबह न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।



















