जयपुर। जयपुर दक्षिण जिले के सोडाला थाना पुलिस ने लूट एवं छीना-झपटी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए आदतन अपराधी शिवा धनवाल उर्फ आशु को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में बरामदगी के प्रयास भी शुरू कर दिए हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (दक्षिण) राजर्षि राज, आईपीएस ने बताया कि परिवादी लक्ष्मण सिंह (35) निवासी भांकरोटा ने 7 जून को सोडाला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह रात करीब 5:30 बजे नंदपुरी क्षेत्र में काम से लौट रहा था। इसी दौरान गली नंबर-7 स्थित मंदिर के पास पहले से खड़े रोहित और उसके साथी शिवा धनवाल ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने धमकाते हुए उससे 3,000 रुपये नकद छीन लिए और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ा गया आरोपी घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित कुमार शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त सोडाला मोहन सिंह राठौड़ के निर्देशन में थानाधिकारी दलवीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम शिवा धनवाल उर्फ आशु पुत्र छोटू हरिजन (24) निवासी मकान नंबर 66, गली नंबर 7, नंदपुरी, सोडाला, जयपुर बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी एक आदतन एवं शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले भी पुलिस गिरफ्त से फरार हो चुका है तथा उसके खिलाफ पुलिस हिरासत से भागने का मामला भी दर्ज है।
नशे की लत पूरी करने के लिए करता था वारदात
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और उसके साथी स्मैक का नशा करते हैं। नशे की पूर्ति के लिए वे सुनसान स्थानों और अंधेरी गलियों में राहगीरों की तलाश करते थे। मजदूर या अकेले व्यक्ति को देखकर उसे रोककर मारपीट करते और नकदी छीन लेते थे। छीनी गई रकम से नशे का सामान खरीदा जाता था।
अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना
पुलिस ने आरोपी से छीने गए माल की बरामदगी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। जांच अधिकारियों का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में अन्य छीना-झपटी और लूट की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।



















