जयपुर। राजधानी जयपुर में एक बार फिर कच्छा-बनियान गिरोह की सक्रियता ने पुलिस और आमजन की चिंता बढ़ा दी है। सांगानेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हथियारबंद छह बदमाशों ने एक मकान में घुसकर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया, लेकिन परिवार के जाग जाने से उनकी योजना विफल हो गई और वे मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
थानाधिकारी लिखमाराम ने बताया कि सूर्य नगर, तारों की कूट स्थित प्रेम कॉलोनी में देर रात छह संदिग्ध बदमाश घूमते हुए दिखाई दिए। बदमाशों के इलाके में पहुंचते ही कुत्ते भौंकने लगे, जिस पर उन्होंने पत्थर फेंककर कुत्तों को वहां से भगा दिया। इसके बाद उन्होंने एक मकान को निशाना बनाते हुए दरवाजे और खिड़कियां खोलकर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया।
इसी दौरान घर के भीतर सो रहे परिजनों को आहट सुनाई दी। परिवार के लोगों के जागने और शोर मचाने पर बदमाश घबराकर मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही सांगानेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शहर के सभी थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने संवेदनशील और रिहायशी क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा सादा वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती के आदेश दिए हैं।
इसके साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण कर गिरोह के सदस्यों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।



















