जयपुर। दिल्ली रोड स्थित श्री गीता गायत्री मंदिर में इन दिनों श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की अमृत वर्षा हो रही है। पं. राजकुमार चतुर्वेदी के सान्निध्य में आयोजित की जा रही इस कथा के अंतर्गत शनिवार को भगवान श्रीकृष्ण की ‘गोवर्धन धारण’ लीला का प्रसंग सुनाया गया, जिसे सुनकर पांडाल में मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
व्यास पीठ से श्री धाम वृंदावन के सुप्रसिद्ध कथावाचक पं. श्याम नारायण शास्त्री महाराज ने गोवर्धन लीला का अत्यंत मार्मिक और सुंदर वर्णन किया। इस पावन प्रसंग के दौरान मंदिर परिसर में गोबर से गोवर्धन पर्वत की मनोहारी आकृति बनाई गई, जिसे फूल-पत्तियों और छप्पन भोग से विशेष रूप से सजाया गया।
जैसे ही भगवान द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाने की झांकी सजी, श्रद्धालु खुद को रोक नहीं पाए और भजनों की धुन पर जमकर नृत्य किया। मंदिर प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि इस धार्मिक उत्सव के दौरान खोजी द्वाराचार्य त्रिवेणी पीठाधीश्वर रामरिछपाल दास महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने आयोजन की भूरि-भूरि सराहना की। इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन की ओर से उनका भावभीना अभिनंदन भी किया गया।
कथा के साथ स्वास्थ्य लाभ: शेखावाटी हॉस्पिटल का निशुल्क शिविर
धार्मिक आयोजन के साथ-साथ यहाँ सामाजिक सरोकार भी देखने को मिला। कथा परिसर में शेखावाटी हॉस्पिटल की ओर से एक दिवसीय निशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आए बड़ी संख्या में श्रोताओं और स्थानीय लोगों ने अपनी शुगर और बीपी की निशुल्क जांच करवाई। हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस. पी. यादव ने मरीजों की जांच कर उन्हें उचित खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिए।



















