शहीद स्मारक मारपीट प्रकरण: सीजेपी संस्थापक पर हमला करने वाले पांचों आरोपियों को मिली जमानत

0
67

जयपुर। राजधानी जयपुर के शहीद स्मारक पर प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर हुए हमले के मामले में गिरफ्तार पांचों आरोपित राकेश गुर्जर,रोहित शर्मा ,अजय शर्मा ,निकेत और कुलदीप सिंह को मंगलवार को जमानत मिल गई। पुलिस ने आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। न्यायालय ने सभी आरोपियों को 20-20 हजार रुपए के निजी मुचलके पर जमानत देते हुए छह माह तक शांति बनाए रखने के लिए पाबंद किया है।

अधिवक्ता बसंत पारीक ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को प्रदर्शन के दौरान हुए विवाद और मारपीट के बाद पांच युवकों को हिरासत में लिया था। जमानत मिलने के बाद विधायकपुरी थाने से बाहर निकले आरोपियों का उनके साथियों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और नारेबाजी की।

सोमवार को शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर कुछ युवकों ने हमला कर थप्पड़ मार दिए थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। हमलावर युवकों को बाद में दीपके के समर्थकों ने पकड़ लिया था और उनके साथ भी मारपीट की गई थी।

अधिवक्ता बसंत पारीक के अनुसार गिरफ्तार किए गए रोहित शर्मा, राकेश गुर्जर, अजय शर्मा और कुलदीप सिंह शेखावत आपस में मित्र हैं और प्रदर्शन देखने पहुंचे थे। वहीं निकेत जोधपुर से कार्यक्रम में शामिल होने आया था तथा बताया जा रहा है कि वह सीजेपी का कार्यकर्ता भी रहा है। प्रदर्शन के दौरान विचारधारा को लेकर विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि आरोपियों में से तीन युवक एक-दूसरे को पहले से जानते थे, जबकि कुलदीप और निकेत अन्य आरोपियों से परिचित नहीं थे।
इस घटना के बाद अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े लोगों का हाथ हो सकता है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई सरकार या उसकी विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाता है, ऐसी घटनाएं सामने आती हैं।

दीपके ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है और किसी भी प्रकार के हमले से वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका अभियान जारी रहेगा।

पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान हुए विवाद, मारपीट और उससे जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पांचों आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, जबकि मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here