जयपुर। राजधानी में लगातार हो रही चेन स्नेचिंग की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) और सोडाला थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर पंजाब के दो शातिर चेन स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जयपुर में पिछले 10 दिनों के दौरान छह महिलाओं को निशाना बनाते हुए चेन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परमजीत सिंह उर्फ प्रिंस (40) निवासी सिविल लाइंस, पटियाला (पंजाब) तथा काका शर्मा (25) निवासी कोतवाली क्षेत्र, पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पंजाब में एनडीपीएस, चोरी, मारपीट और स्नैचिंग के एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन के अनुसार 9 जून को सोडाला क्षेत्र में ममता देवी शर्मा के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन तोड़ ली थी। वारदात के दौरान महिला घायल भी हो गई थी। इस संबंध में सोडाला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद आरोपियों ने 10 जून को विधायकपुरी क्षेत्र के पांचबत्ती इलाके तथा 11 जून को चांदपोल स्थित हनुमान मंदिर के बाहर भी चेन स्नेचिंग की वारदात की। वहीं 16 जून को एमआई रोड पर भी एक महिला की चेन छीनने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पंजाब से अजमेर पहुंचे थे, लेकिन मौका नहीं मिलने पर जयपुर आ गए। यहां वे पहले बाइक चोरी करते और फिर उसी बाइक से सोडाला, मालपुरा गेट, विधायकपुरी, कोतवाली और बजाज नगर थाना क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग करते थे। वारदातों के दौरान दोनों शहर के विभिन्न होटलों में ठहरते थे।
वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सोडाला थानाधिकारी बलवीर कस्वां के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सीएसटी और सोडाला थाना पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों का पीछा करते हुए पंजाब तक दबिश दी। बाद में उनके जयपुर लौटने की सूचना मिलने पर मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर शहर में छह वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस अब उनसे चोरी की गई चेन और मोटरसाइकलों की बरामदगी के साथ-साथ अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में सीएसटी के पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार, रामोतार तथा कांस्टेबल कृष्णपाल, धर्मी, मैनेजर खान, ओमप्रकाश, सियाराम और चालक रामनिवास की विशेष भूमिका रही। वहीं सोडाला थाना टीम में उप निरीक्षक दिलीप सिंह, हेड कांस्टेबल रामनारायण तथा कांस्टेबल गणेशराम, जयपाल और राजकुमार शामिल रहे।



















