जयपुर। शहर में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बिना फायर एनओसी संचालित हो रहे संस्थानों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम के सर्वे में जयपुर में करीब 1300 से अधिक भवन और संस्थान बिना फायर एनओसी के संचालित होते पाए गए हैं। इनमें से अब तक 1250 भवन मालिकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जबकि शेष के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
हाल ही में खोह नागोरियान स्थित पटाखा गोदाम में आग लगने से आठ लोगों की मौत तथा लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में आग लगने से 15 लोगों की मौत की घटनाओं के बाद नगर निगम प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को निगम ने शहर के करीब 25 संस्थानों को सील कर दिया। इनमें 17 कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी भी शामिल हैं।
600 संस्थानों को जारी किए नोटिस
सीएफओ-2 देवेंद्र मीणा ने बताया कि उनके क्षेत्र में करीब 600 संस्थान बिना फायर एनओसी के संचालित पाए गए हैं। सभी को नोटिस जारी कर दिया गया है और निर्धारित समय में नियमों की पालना नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को दो कोचिंग संस्थानों सहित आठ संस्थानों को सील किया गया। गोपालपुरा क्षेत्र में भी दो कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
शहरभर में चलेगा अभियान
सीएफओ-1 गौत्तम ने बताया कि शहरभर में 1250 से अधिक भवन मालिकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान, लाइब्रेरी और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं। मंगलवार को उनके क्षेत्र में भी सात से अधिक संस्थानों को सील किया गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बिना फायर एनओसी संचालित संस्थानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले भवन मालिकों और संस्थानों पर आगामी दिनों में और सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















