जयपुर में 3 घंटे की आकस्मिक नाकाबंदी में 581 चालान काट किए 211 वाहन जब्त

0
62

जयपुर। राजधानी में अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहरभर में विशेष आकस्मिक नाकाबंदी अभियान चलाया। तीन घंटे तक चले इस व्यापक अभियान के दौरान पुलिस ने 581 वाहनों के चालान किए, 211 वाहनों को जब्त किया तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 43 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर विशेष पुलिस कमिश्नर(ऑपरेशन्स) ओम प्रकाश के सुपरविजन में इस अभियान के तहत जयपुर शहर के चारों जिलों में प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों तथा शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई।

पुलिस ने ब्रीथ एनालाइजर की सहायता से जांच कर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 43 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं धारा 207 एमवी एक्ट के तहत दस्तावेजों की कमी एवं अन्य गंभीर अनियमितताओं पर 211 वाहनों को जब्त कर थानों में खड़ा करवाया गया। इसके अलावा 13 अन्य सुरक्षात्मक कार्रवाइयां भी की गईं।

अभियान के दौरान जयपुर पूर्व जिले में सबसे अधिक कार्रवाई दर्ज की गई। यहां 255 चालान किए गए, 110 वाहन जब्त किए गए और 28 शराबी चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। जयपुर पश्चिम जिले में 224 चालान और 43 वाहन जब्त किए गए। वहीं जयपुर उत्तर जिले में 74 चालान, 34 वाहन जब्त तथा तीन अन्य सुरक्षात्मक कार्रवाइयां की गईं। दक्षिण जिले में 28 चालान और 24 वाहन जब्त किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास कायम रखने के लिए इस प्रकार के औचक नाकाबंदी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here