जयपुर। रामनगरिया थाना क्षेत्र के महल रोड स्थित कैपिटल हाई स्ट्रीट पर मोमोज का कार्ट लगाने वाली 27 वर्षीय रेशु गुप्ता ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों द्वारा कार्ट हटाने के दौरान स्टीमर को धक्का देने से खौलता पानी उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना 19 जून की शाम करीब 6:45 बजे की बताई जा रही है।
प्रतापनगर स्थित व्यास अपार्टमेंट में रहने वाली रेशु ने बताया कि वह रोजाना की तरह ‘हेल्दी आटा मोमोज’ नाम से अपना कार्ट लगा रही थी। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी पहुंची और कार्ट हटाने को कहा। उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि स्टीमर में गर्म पानी है और वह कार्ट हटा रही है, लेकिन आरोप है कि एक पुलिसकर्मी ने स्टीमर को धक्का दे दिया, जिससे उबलता पानी उसके शरीर पर गिर गया।
रेशु के अनुसार हादसे में उसकी छाती का एक हिस्सा, हाथ और जांघ बुरी तरह झुलस गए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसकी मदद नहीं की। बाद में उसकी बहन खुशबू गुप्ता उसे अस्पताल लेकर गई।
पीड़िता और उसकी बहन का आरोप है कि घटना की रात रामनगरिया थाने पहुंचने के बावजूद तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई तथा समझौते का दबाव बनाया गया। बहन खुशबू ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
रेशु ने कहा कि वह शारीरिक और मानसिक पीड़ा से गुजर रही है। अविवाहित होने के कारण वह अपने भविष्य को लेकर भी चिंतित है और मामले में निष्पक्ष जांच तथा न्याय की मांग कर रही है।
रेशु ने बताया कि पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उस पर और उसकी बड़ी बहन पर है। बीएससी करने के बाद नौकरी नहीं मिलने पर उसने करीब 25 दिन पहले ही महल रोड पर मोमोज का कार्ट शुरू किया था।
इस संवेदनशील मामले को लेकर पुलिस के उच्च अधिकारी मुस्तैद दिख रहे हैं।थानाप्रभारी चंद्रभान सिंह के मुताबिक गर्म पानी से झुलसने की घटना की गहनता से जांच की जा रही है। मामले की जिम्मेदारी एसआई गोवर्धन प्रसाद को सौंपी गई है।
डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि घटना स्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच में जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















