जयपुर। राजधानी में एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। स्कूल की गर्मियों की छुट्टियों में काम सिखाने के बहाने उत्तर प्रदेश (UP) से जयपुर लाए गए 9वीं कक्षा के एक 15 वर्षीय छात्र के साथ उसके ही परिचित युवक द्वारा कुकर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित नाबालिग की सजगता और पुलिस की तत्परता से आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला पीड़ित छात्र गर्मियों की छुट्टियां होने के कारण घर पर था। आरोपी परिचित ने उसके परिजनों को झांसा दिया कि वह बच्चे को जयपुर ले जाकर कोई अच्छा काम सिखा देगा। परिजनों ने आरोपी पर भरोसा कर अपने मासूम बेटे को उसके साथ जयपुर भेज दिया।
दर्ज शिकायत के मुताबिक बीते 20 जून को दोपहर करीब 12 बजे आरोपी युवक ने कमरे पर छात्र को अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकतें की और कुकर्म (गलत काम) किया। नाबालिग ने जब इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उसे किसी को कुछ न बताने के लिए डराया-धमकाया। इसके बाद सहमा हुआ मासूम किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर कमरे से बाहर भागा और सड़क पर चलते राहगीरों से रास्ता पूछकर सीधे पुलिस स्टेशन पहुंच गया।
मासूम की आपबीती सुनने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पॉक्सोएक्ट व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित का मेडिकल मुआयना करवाया और तत्काल दबिश देकर आरोपी परिचित युवक को धर-दबोच कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कड़ियों को जोड़ते हुए गहन जांच कर रही है।


















