जयपुर। गलता गेट स्थित श्री गीता गायत्री मंदिर में दो दिवसीय गायत्री जयंती महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ हुआ। महोत्सव 24 और 25 जून को पंडित राजकुमार चतुर्वेदी के सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है।
मंदिर प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि गायत्री जयंती महोत्सव के तहत माता गीता गायत्री की आम की अमिया से विशेष झांकी सजाई गई। इसके साथ ही द्वादश ज्योतिर्लिंगों का पंचामृत, ऋतु फलों के रस एवं ईख (गन्ने) के रस से विशेष अभिषेक किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ।
उन्होंने बताया कि मां गायत्री को वेदों की जननी माना जाता है। गायत्री मंत्र का जप मन, बुद्धि और आत्मा को पवित्र बनाकर आत्मज्ञान तथा आत्मबल प्रदान करता है। महोत्सव के दूसरे दिन 25 जून को प्रातः 9:30 बजे से 51 से अधिक ब्राह्मण विद्वानों द्वारा सवा लाख गायत्री मंत्र जप किया जाएगा। इसके बाद सायं 4 बजे नगर के प्रमुख संतों के सानिध्य में पंचकुंडीय दशांश गायत्री महायज्ञ का आयोजन होगा।
महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए दिनभर आमरस वितरण की भी व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले रहे हैं।



















