गायत्री जयंती पर जयपुर में पंचकुंडीय व नव कुंडीय महायज्ञ

0
42

जयपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में गायत्री जयंती महापर्व जयपुर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न गायत्री शक्तिपीठों एवं चेतना केंद्रों पर आयोजित पंचकुंडीय और नव कुंडीय गायत्री महायज्ञों में 11 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सवा लाख से अधिक आहुतियां अर्पित कीं।

गायत्री परिवार राजस्थान के मुख्य ट्रस्टी एवं समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि ब्रह्मपुरी, कालवाड़, वाटिका सहित एक दर्जन से अधिक केंद्रों पर यज्ञ आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, राष्ट्र जागरण, पर्यावरण संरक्षण और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में आयोजित कार्यक्रम में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने गायत्री परिवार के नैतिक एवं सामाजिक जागरण अभियानों की सराहना की। वहीं मानसरोवर स्थित वेदना निवारण केंद्र में नौ कुंडी गायत्री महायज्ञ और पूर्णाहुति कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

गायत्री जयंती के अवसर पर दीक्षा, यज्ञोपवीत, नामकरण, अन्नप्राशन और विद्यारंभ सहित 108 से अधिक संस्कार भी संपन्न कराए गए। विभिन्न केंद्रों पर आयोजित यज्ञों में करीब 100 किलो हवन सामग्री और 50 किलो घी का उपयोग किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी का आयोजन भी किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here