मंदिरों में मची राम-लक्ष्मण द्वादशी की धूम: भोलेनाथ का हुआ सहस्त्र घटाभिषेक

0
46
Temples abuzz with Ram-Lakshman Dwadashi celebrations
Temples abuzz with Ram-Lakshman Dwadashi celebrations

जयपुर। छोटीकाशी में ज्येष्ठ शुक्ल की द्वादशी पर शुक्रवार को राम-लक्ष्मण द्वादशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर शहर के विभिन्न शिवालयों और मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इसी कड़ी में त्रिपोलिया बाजार के तंवर जी का नोहरा स्थित श्री शिव शक्ति हनुमान मंदिर में ‘श्री मन्न नारायण प्रंन्यास मंडल’ की ओर से भगवान भोलेनाथ का भव्य सहस्त्र घटाभिषेक किया गया।

पं. दिनेश शर्मा के आचार्यत्व में पांच विद्वान पंडितों ने कलश तथा गणेश-गौरी के मंडल बनाकर विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया।प्रंन्यास मंडल के अध्यक्ष पं. तरुण भारती ने मुख्य पूजा-अर्चना की। इससे पूर्व भगवान शिव का पंचामृत, भांग, ईक्षु रस सहित विभिन्न औषधीय द्रव्यों से अभिषेक किया गया।

अभिषेक के पश्चात भोलेनाथ का मनमोहक पुष्प श्रृंगार किया गया और जल विहार की अलौकिक झांकी सजाई गई। शंख, घंटा और घड़ियों की सुमधुर ध्वनि के बीच भगवान की महाआरती उतारी गई। इस धार्मिक आयोजन में एडवोकेट कमलेश शर्मा, शीला शर्मा, नंदन भौमियां और शीतल शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित थे।

आज शनि प्रदोष: शिवालयों में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

राम-लक्ष्मण द्वादशी के अगले दिन शनिवार को शनि प्रदोष के विशेष योग पर छोटीकाशी के सभी शिव मंदिरों में विशेष आयोजनों की तैयारी की गई है। शहर के प्रमुख शिवालयों ताड़केश्वर नाथ, झारखंड महादेव और जंगलेश्वर महादेव सहित सभी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।शनि प्रदोष के मौके पर श्री गैटेश्वर कला संस्थान की ओर से गैटोर की छतरियां स्थित अति प्राचीन शिवालय श्री गैटेश्वर महादेव में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है।

संस्थान के मंत्री ओ पी चांडक ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे से गैटेश्वर नाथ का जलाभिषेक और पंचामृत अभिषेक शुरू होगा। इसके बाद महादेव का भव्य पुष्प श्रृंगार किया जाएगा और शाम साढ़े 7 बजे भव्य महाआरती का आयोजन होगा, जिसमें विशेष रूप से सहस्त्रघट और रुद्राभिषेक संपन्न किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here