22 दिन में 1.71 लाख से अधिक वाहनों पर पुलिस ने कसा शिकंजा

0
52
Police cracked down on over 1.71 lakh vehicles in 22 days.

जयपुर। राजस्थान की सड़कों को सुरक्षित और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस का विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर प्रदेशभर में यातायात एवं जिला पुलिस की टीमें नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं। अभियान की निगरानी महानिदेशक पुलिस (यातायात) अनिल पालीवाल कर रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि 4 जून से 25 जून 2026 तक चले 22 दिवसीय अभियान में प्रदेशभर में 1 लाख 71 हजार 727 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

इस अभियान के दौरान वाहनों पर अवैध काली फिल्म लगाने के 63,298, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह के 43,461, अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के 24,033, वाहनों की संरचना में अवैध परिवर्तन के 18,159, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर के 13,586 तथा प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के 9,190 मामलों में कार्रवाई की गई।

5 जून को अकेले 5,982 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई। इनमें 1,792 काली फिल्म, 1,416 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 953 अवैध वाहन संशोधन, 892 अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 599 लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 330 प्रेशर हॉर्न और एयर हॉर्न के मामले शामिल रहे।

जिलेवार कार्रवाई में अजमेर सबसे आगे रहा, जहां 590 चालान किए गए। वहीं जयपुर कमिश्नरेट के यातायात, पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण क्षेत्रों में कुल 1,098 कार्रवाई की गई। इसके अलावा झुंझुनूं में 373, जयपुर ग्रामीण में 326, चित्तौड़गढ़ में 228, कोटपूतली-बहरोड़ में 213 और दौसा में 212 मामलों में कार्रवाई कर यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर शिकंजा कसा गया।

राजस्थान पुलिस ने आमजन से वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों पर अनधिकृत उपकरण या संशोधन नहीं कराने तथा सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि विशेष अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here