महिला की संदिग्ध मौत: पति से झगड़े के बाद घर में मिला शव

0
106

जयपुर। राजधानी के शिप्रापथ थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अग्रवाल फार्म, मानसरोवर निवासी बीना सैनी का शव शनिवार रात घर के कमरे में फर्श पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि झगड़े के दौरान पति द्वारा धक्का देने से महिला का सिर जमीन पर लगा था। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि बीना सैनी (32) पत्नी राहुल सैनी अपने पति के साथ किराए के मकान में रहती थी। राहुल बाइक मिस्त्री का काम करता है। दोनों के बीच काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था। महिला को अपने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने का शक था, जिसके चलते आए दिन दोनों में झगड़े होते रहते थे। लगातार विवाद के कारण दंपती के दोनों बच्चे—13 वर्षीय बेटी ईशिका और 9 वर्षीय बेटा आदी—कुछ समय से सांगानेर स्थित अपनी दादी के पास रह रहे हैं।

पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह राहुल अपने काम पर चला गया था। कुछ देर बाद बीना भी उसकी दुकान पर पहुंच गई, जहां दोनों के बीच फिर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों घर लौटे और वहां भी काफी देर तक कहासुनी होती रही। पूछताछ में राहुल ने बताया कि विवाद के दौरान उसने बीना को धक्का दिया, जिससे वह गिर गई और उसका सिर जमीन से टकरा गया। महिला बेहोश हो गई, लेकिन राहुल उसे कमरे में छोड़कर वापस काम पर चला गया।

रात करीब 10 बजे राहुल घर लौटा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। कमरे के भीतर बीना फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी थी और उसकी नाक से खून बह रहा था। सूचना मिलने पर शिप्रापथ थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवाया गया।

पुलिस ने पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पति राहुल को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here