मामूली झगड़े में नाबालिग बच्चे की हत्या करने वाले तीन नाबालिग निरुद्ध

0
34

जयपुर। राजधानी के मुहाना थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चे की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामूली विवाद और बहन को लेकर की गई टिप्पणी के कारण आरोपित नाबालिगों ने बच्चे की हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 25 जून को केश्यावाला गांव स्थित पानी की टंकी के पास नाले में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली थी। शव की स्थिति अत्यंत खराब थी तथा उसका सिर धड़ से अलग मिला था। जांच में सामने आया कि मृतक बालक 14 जून से लापता था और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज थी।

वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ललित कुमार शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त (मानसरोवर) हेमेंद्र शर्मा के निर्देशन में मुहाना थानाधिकारी लखन खटाना के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ करीब 150 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जिसके आधार पर तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया। पूछताछ में सामने आया कि मृतक और आरोपी एक ही कॉलोनी में रहते थे तथा एक-दूसरे को जानते थे। कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच मामूली झगड़ा हुआ था। आरोप है कि मृतक ने एक आरोपी की बहन के बारे में टिप्पणी की थी, जिससे नाराज होकर तीनों नाबालिगों ने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस के अनुसार हत्या के बाद शव को नाले के किनारे फेंक दिया गया था। लंबे समय तक शव पड़े रहने और सड़न बढ़ने के कारण उसका सिर और धड़ अलग हो गए थे। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है तथा तीनों नाबालिगों के खिलाफ विधि अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here