तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा

0
41

जयपुर। राजधानी जयपुर के विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में अजमेर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर शाम को एक सड़क हादसे में एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार हादसा बढ़ारणा पुलिया के पास उस समय हुआ, जब दोनों युवक बाइक से जयपुर से अपने गांव लौट रहे थे। पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।

विश्वकर्मा थाना प्रभारी रविंद्र सिंह नरूका ने बताया कि मृतक की पहचान इलियास (17) पुत्र इस्माइल तथा घायल की पहचान धर्मराज जाट (18) पुत्र पूरणमल जाट निवासी दौलतपुरा, बगवाड़ा के रूप में हुई है। दोनों किसी निजी कार्य से जयपुर आए थे और देर रात गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बढ़ारणा पुलिया पर पहुंची, पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। इलियास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि धर्मराज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल धर्मराज को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, इलियास के शव को कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here